



अजमेर दरगाह में जियारत के लिए आए एक बांग्लादेशी बुजुर्ग की नमाज अदा करते समय अचानक मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह की है, जब बुजुर्ग दरगाह के बुलंद दरवाजे के पास नमाज पढ़ रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ और वे बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद जायरीन में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बांग्लादेश निवासी हकीम अली के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी डिलोवरा और एक रिश्तेदार के साथ 20 अप्रैल को अजमेर आए थे। रिश्तेदार उसी दिन वापस लौट गया था, जबकि हकीम अली अपनी पत्नी के साथ अजमेर में ही रुके हुए थे। बताया जा रहा है कि वह दरगाह में नियमित रूप से नमाज अदा कर रहे थे।
घटना के बाद सूचना मिलने पर दरगाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी कर शव पत्नी को सौंप दिया है। घटना के बाद दरगाह परिसर में शोक का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।