



जयपुर पुलिस ने लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करणी विहार थाना पुलिस की कार्रवाई में सामने आया है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाता था। आरोपी कार में एक महिला मित्र को आगे की सीट पर बैठाकर घूमते थे, जिससे लोगों का भरोसा आसानी से जीता जा सके। इसके बाद वे बस या टैक्सी का इंतजार कर रहे लोगों को निशाना बनाते और लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय (34), निवासी फुलेरा (जयपुर ग्रामीण) हाल गांव झांई सेज, और हेमंत पाठक (23), निवासी महापुरा भांकरोट के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हेमंत पाठक पहले भी चोरी और नकबजनी के मामलों में चालनशुदा रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब पार्टी और अय्याशी के खर्च के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे।
आरोपी पहले सुनसान स्थानों पर खड़े लोगों को टारगेट करते थे। वे उनसे गंतव्य स्थान पूछकर उसी दिशा में जाने का भरोसा दिलाते और उन्हें कार में बैठा लेते। इसके बाद चलते वाहन में पीछे बैठे साथी मिलकर पीड़ित के साथ मारपीट करते और डराकर उनका मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान छीन लेते थे। इतना ही नहीं, आरोपी पीड़ितों से ऑनलाइन पेमेंट ऐप के जरिए भी रकम ट्रांसफर करवा लेते थे, जिससे लूट की रकम तुरंत हासिल हो सके।
पुलिस के अनुसार करीब 20 दिन पहले हुई एक वारदात के बाद इस गैंग का खुलासा हुआ। डीडवाना-कुचामन निवासी प्रभुराम ने 9 अप्रैल को करणी विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि वह अजमेर बाइपास पर ब्यावर जाने के लिए खड़े थे, तभी एक कार आकर रुकी, जिसमें आगे की सीट पर एक महिला बैठी थी। आरोपियों ने उन्हें ब्यावर छोड़ने का झांसा देकर कार में बैठा लिया। रास्ते में पीछे बैठे दो आरोपियों ने उन्हें बीच में बैठाकर मारपीट की और धमकाकर करीब 1.50 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। वारदात के बाद बदमाश उन्हें चलती कार से फेंककर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।