



जयपुर। अंतरराष्ट्रीय हालातों के असर के बीच देशभर में एलपीजी गैस की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिला है। पेट्रोलियम कंपनियों ने गुरुवार रात कीमतों की समीक्षा के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर पर ₹993 की वृद्धि की गई है, जिसके बाद राजस्थान में इसकी कीमत ₹2106 से बढ़कर सीधे ₹3099 हो गई है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा, जिससे आने वाले समय में खाने-पीने की वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं।
सिर्फ कॉमर्शियल सिलेंडर ही नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर और प्रवासी वर्ग द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलोग्राम के FTL सिलेंडर की कीमतों में भी ₹241 तक की बढ़ोतरी की गई है। पहले यह सिलेंडर ₹592 से ₹616 के बीच मिलता था, जो अब बढ़कर ₹833 से ₹857 तक पहुंच गया है। इससे निम्न आय वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग के 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह राजस्थान में ₹916.50 पर ही स्थिर बना हुआ है।
अगर पूरे साल की बात करें तो कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि देखने को मिली है। 31 दिसंबर तक ₹1669 में मिलने वाला सिलेंडर अब 1 मई तक ₹3099 का हो गया है, यानी कुल ₹1490 की बढ़ोतरी। हर महीने कीमतों में इजाफा हुआ है, लेकिन मई में हुई यह वृद्धि सबसे ज्यादा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ व्यवसायों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका अप्रत्यक्ष असर आम जनता की जेब पर भी पड़ेगा।