



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनगणना 2027 के अंतर्गत 1 मई से शुरू हुई स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में स्वयं भाग लेते हुए उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपनी आवश्यक जानकारी दर्ज कर फॉर्म सफलतापूर्वक सबमिट किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और सटीक जानकारी प्रदान कर इस राष्ट्रीय दायित्व में भागीदार बनें।
स्व-गणना के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। यह पहल डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनेगी।
सरकार का मानना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना 2027 अधिक सटीक और प्रभावी बन सकेगी, जिससे भविष्य की योजनाओं के निर्माण में सहायता मिलेगी।