



अजमेर। दिल्ली की मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर अजमेर में विवाद खड़ा हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी पीयूष सुराणा को पूछताछ के लिए गंज थाना बुलाया, जहां थाने परिसर में ही हंगामा हो गया।
पूछताछ के दौरान एक भाजपा महिला नेता ने आरोपी पर स्याही फेंक दी। मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने भी उसे जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान आरोपी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बहुत अच्छा किया दीदी आपने।”
बताया जा रहा है कि आरोपी की फेसबुक आईडी से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। यह पोस्ट भाजपा नेता की शिकायत के बाद पुलिस के संज्ञान में आया।
पीयूष सुराणा को कांग्रेस की आईटी सेल से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वह पार्टी में किसी आधिकारिक पद पर नहीं है।
घटना के बाद पीयूष सुराणा के छोटे भाई श्रेयांश सुराणा ने भी महिला पदाधिकारी के खिलाफ गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसमें सोशल मीडिया पोस्ट और थाने में हुई घटना दोनों पहलुओं को शामिल किया गया है। यह मामला सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों और राजनीतिक प्रतिक्रिया के बीच बढ़ते तनाव का एक और उदाहरण बनकर सामने आया है।