



जयपुर। भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव आयोजन समिति की ओर से इंदिरा गांधी नगर, जयपुर में भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विप्रजन परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल हुए और धार्मिक आयोजन में भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री परशुराम जी की पूजा-अर्चना और आरती से हुई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का सामूहिक गायन कर भक्ति भाव का वातावरण निर्मित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलगुरु प्रो. संजीव शर्मा ने अपने संबोधन में समाज को एकजुटता, संस्कार और शिक्षा के महत्व पर प्रेरित किया। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में विप्र कल्याण बोर्ड पूर्व अध्यक्ष महेश शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अखिल शुक्ला (एडवोकेट) ने की। विशिष्ट अतिथियों में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रो. डॉ. रमेश मिश्रा और गुरुकुल स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती प्रतिमा जैमन भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन संयोजक महेंद्र चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ. महेश शर्मा सहित कई विशिष्ट जनों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विप्र समाज के लोगों ने पारिवारिक परिचय देकर आपसी संवाद और सामाजिक एकजुटता को मजबूत किया।
पूजा-अर्चना के बाद प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कृत श्री रामदयाल गौतम, महेश भारद्वाज, मनमोहन सांख्यधर, प्रेम चंद शर्मा, महेश लाटा, संदीप शर्मा, अवध बिहारी शर्मा, भारत भूषण भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में विप्रजन, मातृशक्ति और बच्चे उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का भी संदेश देकर संपन्न हुआ