Thursday, 30 April 2026

आमेर में प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग, 15 लाख का सामान जलकर राख


आमेर में प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग, 15 लाख का सामान जलकर राख

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर (आमेर)। आमेर क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। इस हादसे में गोदाम में रखा करीब 15 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया।

घटना दिल्ली रोड स्थित राई की कोठी क्षेत्र की है, जहां रात करीब 12:40 बजे अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुआं फैल गया।

स्पार्किंग से लगी आग की आशंका

स्थानीय निवासी मोहन ने बताया कि गोदाम के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में पिछले दिन से ही स्पार्किंग हो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को सबसे पहले आग का पता चला, जिसने उन्हें जगाया। इसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

दमकल की 12 गाड़ियों ने पाया काबू

शुरुआत में स्थानीय लोगों ने बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पूरी तरह जलकर खाक हुआ गोदाम

गोदाम मालिक के अनुसार यह प्लाईवुड इवेंट से जुड़ा गोदाम था, जिसमें रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।

जांच जारी

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। यह घटना एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में बिजली सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Previous
Next

Related Posts