



अलवर/लक्ष्मणगढ़। अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। चलती कार में अचानक आग लगने से पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
डीएसपी कैलाश जिंदल के अनुसार यह हादसा थाना क्षेत्र मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 के नजदीक हुआ। दिल्ली से कोटा की ओर जा रही कार में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई।
हादसे में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कार चालक विनोद कुमार मेहर ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और एसएचओ नेकीराम भी मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकलों को बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी।
हादसे में घायल चालक को पहले पिनान के सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा और वाहन मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।