



जयपुर मेट्रो फेज-2 को केंद्र सरकार से 13 हजार 37 करोड़ 66 लाख रुपए की औपचारिक मंजूरी मिल गई है।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। खास बात यह है कि केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने के महज 20 दिन बाद ही मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी।
जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण में 41 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसमें उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर के तहत प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। इस रूट पर कुल 36 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे शहर के लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 8 अप्रैल 2026 को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में जयपुर मेट्रो फेज-2 को मंजूरी दी गई थी। अब शहरी विकास मंत्रालय की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।
जयपुर मेट्रो फेज-2 के शुरू होने से शहर के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इस परियोजना से ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और यात्रा में लगने वाले समय में कमी आएगी। साथ ही, जयपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना जयपुर के शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई देगी।