Wednesday, 29 April 2026

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने की सचिन पायलट की तारीफ, बोले- सौम्य, सरल और अच्छे हैं नेता


भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने की सचिन पायलट की तारीफ, बोले- सौम्य, सरल और अच्छे हैं नेता

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान की सियासत में सचिन पायलट को लेकर बयानबाजी का दौर लगातार जारी है। भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल के विवादित बयान और उस पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पलटवार के बाद अब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पायलट की खुलकर तारीफ की है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सचिन पायलट सौम्य, सरल और अच्छे नेता हैं। उन्होंने कभी किसी के लिए लूज टॉक नहीं की।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस के लोग खुद पायलट से दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले अशोक गहलोत ने कहा था कि “पायलट की दोनों टांगें कांग्रेस में हैं”, इसका मतलब क्या उनका दिमाग कहीं और है? रास्ता तो कांग्रेस खुद दे रही है।

पायलट खुद लें फैसला

सचिन पायलट के भाजपा में आने की अटकलों पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह फैसला पायलट को अपने विवेक से लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी के आकर्षित करने से कोई प्रभावित नहीं होता। लेकिन यह जरूर है कि कांग्रेस में उनका सम्मान नहीं हो रहा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि “दो दिन पहले अशोक गहलोत ने सार्वजनिक रूप से कह दिया कि उसने भूल स्वीकार कर ली है और भविष्य में भूल नहीं करेगा। क्या गहलोत पायलट को बच्चा समझते हैं?” उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत पायलट को प्रताड़ित करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।

भाजपा सम्मान करती है

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा को किसी तरह की भूमिका बनाने की जरूरत नहीं है।उन्होंने कहा कि “पायलट विवेकशील हैं, वह देश की परिस्थिति के हिसाब से फैसला लेंगे। अपने भविष्य का निर्णय खुद करें।”

उन्होंने कहा कि भाजपा हर उस व्यक्ति का सम्मान करती है जिसमें राष्ट्र के प्रति भावना, राष्ट्रीय चरित्र और देश के लिए सर्वस्व समर्पण का भाव हो।

राधामोहन के बयान पर सफाई

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल के बयान पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि राधामोहन अग्रवाल भी उत्तर प्रदेश से आते हैं, उन्हें मजाक में ऐसा लगा होगा कि वहां रहने वाला व्यक्ति यहां कैसे आ गया।

उन्होंने कहा कि दोनों भाई-भाई हैं, इसलिए मजाक करते रहते हैं। उनका पायलट का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था।

राजनीति में मर्यादा जरूरी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन मर्यादा नहीं टूटनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पायलट के लिए पहले जो शब्द इस्तेमाल किए गए, जैसे नकारा-निकम्मा, वे जीवनभर चुभते रहते हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ के इस बयान के बाद राजस्थान की राजनीति में सचिन पायलट की भूमिका को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

Previous
Next

Related Posts