



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि समस्याओं और शिकायतों को सही मंच पर उठाना चाहिए। हर जगह एक ही बात कहने से केवल माहौल खराब होता है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान की प्रदेश योजना बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक और प्रशिक्षण अभियान से जुड़े कई नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता हर जगह कहता है कि हमारा काम नहीं हो रहा है। लेकिन जहां समाधान हो, वहां मन की बात कहनी चाहिए। जहां समाधान नहीं हो, वहां कहने का कोई लाभ नहीं है। 50 जगह कहने से माहौल खराब होता है। जनता के बीच किस तरह का वातावरण बनाना है, यह हमें तय करना है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अक्सर कहते हैं कि मंत्री और विधायक काम नहीं करते, लेकिन कई बार जिस खास व्यक्ति का काम लेकर वे जाते हैं, वही आगे चलकर परेशानी खड़ी करता है। उन्होंने कहा कि आप लोगों को जो दायित्व दिया गया है, उसे संभालो। आपका चयन बहुत सोच-समझकर किया गया है। समय आने पर आपको सब मिल जाएगा।”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि संगठन हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी के काम पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि अगर आप काम करोगे तो आपकी छवि उसी हिसाब से बनेगी। संगठन ने कैमरे लगा रखे हैं, आपके हर काम पर नजर है। अच्छा काम करोगे तो आपको अधिक मौके मिलेंगे।”
मुख्यमंत्री ने जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए कि हर कार्यकर्ता के बीच काम का समान रूप से बंटवारा किया जाए। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता जिम्मेदारी मिलने के बाद भी काम नहीं करेगा, उसे भविष्य में दोबारा मौका नहीं मिलेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने सत्ता में आते ही प्रदेश की प्राथमिकताओं के अनुसार पानी और बिजली के मुद्दों पर काम शुरू किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की ऐसी कोई विधानसभा नहीं है, जहां विकास कार्य नहीं हो रहे हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह आप लोगों का दायित्व है कि सरकार की योजनाओं को धरातल तक लेकर जाएं।” बैठक को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।