



कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को 142 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में कुल 1448 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 220 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। इस चरण में करीब 3 करोड़ 21 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल 294 सीटों में से 210 सामान्य सीटें हैं। जबकि 68 सीटें अनुसूचित जाति (SC) और 10 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं। राज्य में कुल 6.8 करोड़ मतदाता हैं। इनमें पहली बार वोट डालने वाले 5 लाख से अधिक युवा मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3.79 लाख वरिष्ठ मतदाता भी इस चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं।
दूसरे चरण में हुगली जिले के चिनसुरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 2,75,715 मतदाता हैं। वहीं नॉर्थ 24 परगना जिले की भाटपाड़ा सीट पर सबसे कम 1,17,195 मतदाता हैं।
दूसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा चुनाव आयोग ने निगरानी के लिए 142 जनरल ऑब्जर्वर,95 पुलिस ऑब्जर्वर,100 एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर की नियुक्ति की है।
इस चरण के मतदान के लिए कुल 41,001 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें14,218 शहरी क्षेत्रों में और 25,083 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। राज्य में दूसरे चरण की वोटिंग को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसी चरण में भवानीपुर जैसी हाई-प्रोफाइल सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।