



कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को 142 सीटों पर मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होना था, लेकिन कई इलाकों में सुबह 5:30 बजे से ही मतदाता बूथों के बाहर पहुंचने लगे।
राज्य के चुनावी इतिहास में ऐसा उत्साह पहली बार देखने को मिल रहा है। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं।चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इन 142 सीटों पर 2021 विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 123 सीटों पर जीत दर्ज की थी।ऐसे में इस चरण को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव माना जा रहा है, जबकि भाजपा इस बार बड़ी सेंध लगाने की कोशिश में है।
भवानीपुर सीट पर सबसे दिलचस्प मुकाबला
दूसरे चरण में सबसे चर्चित मुकाबला भवानीपुर सीट पर माना जा रहा है। यह सीट मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की परंपरागत सीट रही है। इस बार उनके सामने भाजपा के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं। सुवेंदु वही नेता हैं जिन्होंने 2021 के चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था।ऐसे में भवानीपुर का मुकाबला पूरे राज्य की राजनीति का केंद्र बन गया है।
इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर रिकॉर्ड 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।अब दूसरे चरण में भी सुबह से जिस तरह मतदाताओं का उत्साह दिख रहा है, उससे भारी मतदान की संभावना जताई जा रही है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, दूसरे चरण का मतदान राज्य की सत्ता की दिशा तय करने में बेहद अहम भूमिका निभा सकता है।