



जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर को और अधिक सुंदर, आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए जयपुर नगर निगम 2 मई को एक विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। निगम की ओर से ‘रंग दे गुलाबी’ अभियान के तहत एक ही दिन में 500 दीवारों को रंगने का लक्ष्य रखा गया है।नगर निगम का दावा है कि देश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक ही दिन में दीवारों को रंगने की कोशिश की जाएगी।
नगर निगम सभागार में मीडिया से बातचीत करते हुए कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि इससे पहले ‘सफाई सेवा मैराथन’ के माध्यम से शहर में स्वच्छता की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया गया था। अब ‘रंग दे गुलाबी’ अभियान के जरिए शहर को और अधिक सुंदर बनाने की दिशा में अगला कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, एनजीओ, निजी संस्थाएं और कॉर्पोरेट समूह भी हिस्सा ले सकते हैं।
कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जयपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि गुलाबी नगरी जयपुर की पहचान को बरकरार रखते हुए दीवारों पर विभिन्न आकर्षक और कलात्मक रंगों का उपयोग किया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र अपनी अलग पहचान के साथ उभर सके। इससे शहर की दीवारें केवल रंगीन ही नहीं होंगी, बल्कि रचनात्मक और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का माध्यम भी बनेंगी।
नगर निगम का मानना है कि जब शहर के लोग खुद इस पहल से जुड़ेंगे, तब स्वच्छता और सौंदर्यीकरण का संदेश अधिक प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचेगा। अभियान में पेंटिंग सेवाएं देने के इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं भी भाग ले सकती हैं। इसके लिए नगर निगम ने 7470651609 और 7878252518 मोबाइल नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर संपर्क कर इच्छुक लोग अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।
यह अभियान जयपुर को और अधिक खूबसूरत बनाने के साथ-साथ नागरिकों में शहर के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करेगा।