



जयपुर। सचिन पायलट ने भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल की ओर से की गई टिप्पणी पर हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। पायलट ने कहा कि राधा मोहन अग्रवाल उनसे इतना विशेष प्रेम क्यों रखते हैं, यह वह उनसे मिलकर पूछेंगे।
सचिन पायलट ने कहा, “भाजपा राजस्थान के प्रभारी राधा मोहन अग्रवाल जी मुझसे इतना विशेष प्रेम क्यों रखते हैं, मिलेंगे तो मैं उनसे पूछूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि राजनीति में संगठन का काम करना चाहिए और अपनी बात को मजबूती से रखना चाहिए, लेकिन टीका-टिप्पणी एक स्तर की होनी चाहिए। पायलट ने कहा कि राजनीति व्यक्तिगत टिप्पणी की बजाय सैद्धांतिक, वैचारिक और जनहित के मुद्दों पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो नेता मुद्दों और विचारधारा की राजनीति करते हैं, वही लंबे समय तक लोगों के दिलों में जगह बना पाते हैं।
गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने हाल ही में टोंक में आयोजित कार्यक्रम में सचिन पायलट पर टिप्पणी करते हुए उन्हें “बहुरूपिया” कहा था और कहा था कि उनकी “एक टांग कांग्रेस में और दूसरी कहीं और” रहती है। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई थी।
सचिन पायलट की यह प्रतिक्रिया अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। कांग्रेस इसे भाजपा की व्यक्तिगत राजनीति बता रही है, जबकि भाजपा लगातार कांग्रेस नेतृत्व पर हमलावर बनी हुई है।