



टोंक। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राजस्थान दौरे के दौरान टोंक में आयोजित भाजपा जनसभा में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। टोंक से भाजपा के पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता ने कांग्रेस नेता और टोंक विधायक सचिन पायलट पर तीखा हमला बोला।
सभा को संबोधित करते हुए अजीत सिंह मेहता ने कहा कि “सचिन पायलट यूपी का है, राजस्थान में आकर राजनीति करता है और मुख्यमंत्री बनने के सपने देखता है।” उनके इस बयान के बाद सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रतिक्रिया दी। अजीत सिंह मेहता ने यह बयान सोमवार 27 अप्रैल को टोंक में भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह और कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान दिया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
टोंक में आयोजित इस जनसभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इससे पहले राजस्थान भाजपा प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने भी सचिन पायलट को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए उन्हें “बहुरूपिया” बताया था। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पायलट का बचाव करते हुए कहा था कि उनकी “दोनों टांगें कांग्रेस में हैं।” राजस्थान की राजनीति में टोंक सीट को लेकर लगातार बयानबाजी तेज होती जा रही है। आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।