



जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को सोमवार को आंशिक राहत मिली। सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से दोपहर बाद राज्य के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर सहित कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, अलवर और आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छाने के साथ धूलभरी हवाएं चलीं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी 1-2 दिनों तक राज्य के पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हीटवेव और गर्म रातें जारी रह सकती हैं। इसके साथ 27 अप्रैल से 1 मई तक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कई हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात, 30 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 28 अप्रैल को राज्य के 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान में जयपुर और भरतपुर संभाग, जबकि पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ क्षेत्रों में हीटवेव का भी असर बना रहेगा।
राजधानी जयपुर में सोमवार को दिन और रात दोनों समय गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जयपुर का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
जैसलमेर में सोमवार को गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो अप्रैल माह का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले 18 अप्रैल 2025 को यहां 46.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ था।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार—
राज्य के लगभग सभी प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
दोपहर तक तेज गर्मी और लू के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। बीकानेर और श्रीगंगानगर में ओलावृष्टि हुई। हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर और अलवर के कई इलाकों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
तेज गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का अधिकार दिया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय इससे पहले स्कूलों के संचालन समय में बदलाव को लेकर आदेश जारी कर चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 अप्रैल को जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर-जोधपुर संभाग में बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि 30 अप्रैल और 1 मई को जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में हल्की बारिश हो सकती है। 2 और 3 मई से मौसम फिर शुष्क रहने की संभावना है।