Monday, 27 April 2026

टोंक में भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल का सचिन पायलट पर तीखा हमला, बोले- ‘आज एक बहरूपिया विधायक बन गया’


टोंक में भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल का सचिन पायलट पर तीखा हमला, बोले- ‘आज एक बहरूपिया विधायक बन गया’

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक। भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने टोंक में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस नेता सचिन पायलट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय टोंक में भाजपा के विधायक हुआ करते थे, लेकिन आज यहां “बहरूपिया” विधायक बन गया है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा, “टोंक में हमारे ही विधायक हुआ करते थे। आज एक बहरूपिया टोंक का विधायक बन गया। वो न तो आपके टोंक का निवासी है और न ही राजस्थान का।”

उन्होंने कहा कि वे स्वयं उत्तर प्रदेश के मजबूत नेता हैं और कभी सपने में भी नहीं सोच सकते कि किसी दूसरे प्रदेश में जाकर विधायक बनें। उन्होंने कहा, “मैं सपने में नहीं सोचूंगा कि मैं राजस्थान का विधायक बनूं। मैं यूपी का भगोड़ा नहीं हूं, वहां का मजबूत राजनेता हूं।”

भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने कांग्रेस पर बाहरी नेताओं को थोपने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कैसी परंपरा बन गई है कि किसी प्रदेश से किसी व्यक्ति को भेज दिया जाता है और लोग उसे माला पहनाकर स्वीकार कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने समूह बनाकर जनता को प्रभावित किया और उन्हें विधायक बनवा दिया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “एक टांग कांग्रेस में रहती है और एक न जाने कहां।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रतिक्रिया दी और नारेबाजी की।

भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राजस्थान दौरे पर हैं और टोंक में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टोंक में भाजपा नेताओं के ये बयान आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस के मजबूत गढ़ में राजनीतिक माहौल बनाने की रणनीति का हिस्सा हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts