



जयपुर। नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जयपुर आगमन पर भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और आमजन ने फूल-मालाओं, बैंड-बाजों, शहनाई, पारंपरिक नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जेसीबी से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
जयपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा लहराना है। उन्होंने जयपुर की पावन भूमि को नमन करते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति भैरो सिंह शेखावत सहित राजस्थान के महान नेताओं और क्रांतिकारियों को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई दिशा तय कर रहा है और “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ डबल इंजन सरकार लगातार आगे बढ़ रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के सपनों को साकार करने के लिए सभी को समर्पण भाव से कार्य करना होगा।
पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि वहां की जनता सड़कों पर उतरकर चुनाव लड़ रही है और 4 मई को परिवर्तन के साथ पश्चिम बंगाल में भगवा लहराएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि नितिन नवीन ने युवा मोर्चा से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले की बाइक रैली से अगुवाई की। पूरे रोड शो में हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़े, वैदिक मंत्रोच्चार, गुलाल और सांस्कृतिक झलकियों ने माहौल को और भव्य बना दिया।
जयपुर एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक 11 स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया—
पत्रिका गेट पर बस्सी, फुलेरा और दूदू क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
वर्ल्ड ट्रेड पार्क पर गदा भेंट कर अभिनंदन किया गया।
शिक्षा संकुल पर ग्रामीण महिलाओं ने साफा पहनाकर स्वागत किया।
कनोडिया कॉलेज पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और गोविंद देवजी की प्रतिमा भेंट की गई।
जेडीए सर्किल पर पुष्पवर्षा और तलवार भेंट की गई।
रामबाग सर्किल पर हाथी और जेसीबी से पुष्पवर्षा कर अनूठा स्वागत किया गया।
अंबेडकर सर्किल पर ढोल-नगाड़ों और ऊंट-घोड़ों के साथ अभिनंदन हुआ।
22 गोदाम सर्किल पर गेर नृत्य और तीर-कमान भेंट किए गए।
राजमहल पैलेस पर महिला मोर्चा ने कलश और मंगलगीत से स्वागत किया।
भाजपा कार्यालय पर एससी, किसान और अन्य मोर्चों ने हाथी से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, ज्योति मिर्धा, दिया कुमारी, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित अनेक वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जयपुर में नितिन नवीन के इस स्वागत ने पार्टी शक्ति प्रदर्शन के साथ आगामी चुनावी रणनीति का भी स्पष्ट संदेश दिया।