



जयपुर। नितिन नवीन के राजस्थान दौरे के दौरान जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के चेयरमैन अरुण चतुर्वेदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और कोर कमेटी के साथ संगठनात्मक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार समाप्त करने के बाद नितिन नवीन सोमवार को राजस्थान पहुंचे। जयपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन करते हुए प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन किया।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई और यह निर्णय लिया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को संगठन के माध्यम से आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए नियमित बैठकों एवं प्रवास कार्यक्रमों को गति देने पर भी जोर दिया गया।
डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर पर नियमित बैठकों के आयोजन, कार्यप्रणाली की समीक्षा तथा राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योजनाओं को धरातल पर लागू करने की रूपरेखा तैयार की गई। इसके अलावा मंत्रियों के प्रवास कार्यक्रमों के दौरान योजनाओं की समीक्षा और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
कोर कमेटी की बैठक में ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान पर भी विशेष चर्चा हुई। डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के विरोध के खिलाफ राजस्थान भाजपा की मातृशक्ति ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसकी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सराहना की। बैठक में महिला सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई गई।
बैठक के पश्चात नितिन नवीन पुनः जयपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला राजस्थान दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और नई ऊर्जा लेकर आया।