Monday, 27 April 2026

टोंक में भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बस पलटी, 11 घायल, राष्ट्रीयअध्यक्ष नितिन नवीन की सभा में जा रहे थे कार्यकर्ता


टोंक में भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बस पलटी, 11 घायल, राष्ट्रीयअध्यक्ष नितिन नवीन की सभा में जा रहे थे कार्यकर्ता

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक। टोंक में भाजपा के जिला कार्यालय उद्घाटन और कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं की बस सोमवार को सदर थाना क्षेत्र के घास गांव के पास पलट गई। हादसे में करीब 11 कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सआदत अस्पताल, टोंक में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार सभी कार्यकर्ता देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के पायगा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनसभा में शामिल होने के लिए टोंक आ रहे थे।

बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता सुबह करीब 9 बजे बस से रवाना हुए थे। करीब 11 बजे घास गांव के समीप संभवत: चालक को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। कई लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि 11 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही विधायक राजेंद्र गुर्जर सआदत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों का तुरंत उपचार शुरू करने के निर्देश दिए। विधायक ने पीएमओ डॉ. प्रतीक सालोदिया को भी आवश्यक निर्देश दिए। घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद विधायक भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हुए। घायलों में जगदीश, जितेंद्र, कैलाश, हनुमान, महावीर, हनुमान गुर्जर, बन्नाराम, बाबूलाल, धनपाल, प्रेमराज और मुकेश सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।

इसी बीच जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोंक स्थित बनास पुल पर सोमवार सुबह एक पिकअप और रोडवेज बस की टक्कर हो गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक लेन से यातायात चालू करवाया और बाद में दोनों वाहनों को हटाकर स्थिति सामान्य की।

सदर थाना प्रभारी जयमल सिंह के अनुसार, पिकअप और रोडवेज बस जयपुर की तरफ जा रही थीं। बनास पुल पर ओवरटेक के प्रयास में दोनों में टक्कर हो गई।

    Previous
    Next

    Related Posts