



जयपुर। राजस्थान कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और फिर समझौते के किस्से हमेशा सुर्खियों में रहे हैं, लेकिन सोमवार को जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता सचिन पायलट को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। गहलोत ने न सिर्फ पायलट का बचाव किया, बल्कि उनके पुराने बागी तेवरों पर चुटकी लेते हुए ऐसा बयान दिया जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत से भाजपा प्रदेश प्रभारी के उस बयान पर सवाल किया, जिसमें सचिन पायलट को “बहुरूपिया” बताते हुए कहा गया था कि उनकी एक टांग कांग्रेस में रहती है और दूसरी कहीं और। इस पर गहलोत ने तुरंत जवाब दिया, “सचिन पायलट की दोनों टांगें अब कांग्रेस में ही हैं और कांग्रेस में ही रहेंगी।”
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने आगे कहा कि अब सचिन पायलट को पर्याप्त राजनीतिक अनुभव हो गया है। उन्होंने कहा, “उन्हें पता चल गया है कि इस प्रकार की गलती करने के क्या अंजाम होते हैं। वे अब समझ भी गए हैं और संभल भी गए हैं।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अब पायलट कभी पार्टी छोड़कर नहीं जाएंगे और पूरी कांग्रेस उनके साथ एकजुट होकर खड़ी है। गहलोत का यह बयान जहां एक तरफ एकजुटता का संदेश देता नजर आया, वहीं दूसरी तरफ इसे 2020 के मानेसर प्रकरण की याद दिलाने वाला राजनीतिक कटाक्ष भी माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। पहला, आगामी चुनावों और राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए पार्टी के दो बड़े चेहरों के बीच एकजुटता दिखाने की कोशिश। दूसरा, “गलती का अंजाम” कहकर गहलोत ने अनुभवी बनाम युवा नेतृत्व का संकेत दिया। तीसरा, भाजपा द्वारा टोंक विधायक सचिन पायलट पर किए जा रहे निजी हमलों का जवाब देने की रणनीति।
भाजपा ने हाल ही में टोंक में आयोजित कार्यक्रम में सचिन पायलट पर तीखे हमले किए थे। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत का यह बयान कांग्रेस की तरफ से राजनीतिक पलटवार के तौर पर भी देखा जा रहा है। अब सबकी नजर सचिन पायलट की प्रतिक्रिया पर है। क्या वह पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत की इस “नसीहत” को सकारात्मक रूप से लेंगे या फिर यह बयान कांग्रेस की गुटबाजी की पुरानी चिंगारियों को हवा देगा? फिलहाल इतना तय है कि गहलोत ने साफ कर दिया है कि पायलट का “जहाज” अब कांग्रेस के रनवे पर ही उतरने वाला है।