



जयपुर। नितिन नवीन को राजस्थान के अपने पहले दौरे के दौरान जयपुर एयरपोर्ट पर करीब ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ा। हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी के कारण उनका टोंक दौरा तय समय से काफी देर से शुरू हो सका।
जानकारी के अनुसार जयपुर से टोंक जाने के लिए दो हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई थी, लेकिन उनमें से एक हेलिकॉप्टर खराब होने के कारण समय पर नहीं पहुंच सका। इसके बाद एक ही हेलिकॉप्टर से जयपुर-टोंक के बीच दो चक्कर लगाने पड़े।
पहले राउंड में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और अन्य नेता टोंक पहुंचे। इसके बाद दूसरे राउंड में नितिन नवीन को ले जाया गया। करीब ढाई घंटे इंतजार के बाद वे दोपहर 1:30 बजे हेलिकॉप्टर से टोंक के लिए रवाना हुए।
जयपुर एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।
हेलिकॉप्टर में तकनीकी समस्या के चलते कार्यक्रम में देरी जरूर हुई, लेकिन टोंक पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन किया और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को राजस्थान भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।