



टोंक। नितिन नवीन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले राजस्थान दौरे पर टोंक से भाजपा संगठन को नई ऊर्जा देने का प्रयास किया। उन्होंने टोंक में भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बूंदी, प्रतापगढ़, बाड़मेर, चूरू, डूंगरपुर और पाली जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया, जबकि जालोर कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। इस मौके पर आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन, सेवा, राजनीति, महिलाओं और युवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण संदेश दिए।
अपने संबोधन की शुरुआत में नितिन नवीन ने राजस्थान से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा, “जब मैं पहली बार विधायक बना, तब वर्ष 2006 में पहली बार राजस्थान आया था। दाल-बाटी चूरमा, राजस्थानी सूरमा… युवा मोर्चा में यही नारे सुनते आए हैं।”
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि विचार और संकल्प का केंद्र होता है। “कार्यालय वो स्थान होता है, जिसके निर्माण से हमारे अंदर संकल्प की भावना आती है। मैं मानता हूं कि कार्यालय ईंट और बालू से बना केंद्र नहीं, बल्कि हमारे विचारों और संकल्पों का केंद्र होता है।”
नितिन नवीन ने भाजपा के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब पार्टी के केवल दो सांसद थे और लोग उसका मजाक उड़ाते थे। आज वही पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा, “ये दिन इतनी आसानी से नहीं आया है। इसके लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया, संघर्ष किया और मेहनत की।”
उन्होंने राजस्थान की भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार लगातार इस दिशा में काम कर रही है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचे। साथ ही उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति एवं राजस्थान के वरिष्ठ नेता भैरोंसिंह शेखावत को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एक-एक कण जोड़कर भाजपा का वटवृक्ष खड़ा किया।
राजनीति को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि शॉर्टकट से बचना होगा। उन्होंने कहा, “राजनीति 100 मीटर की रेस नहीं है, जहां स्पीड का टेस्ट होता है। यह लॉन्ग रन है, जहां स्टेमिना का टेस्ट होता है।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रधानमंत्री Narendra Modi और सरकार की योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं और सेवा भाव को मजबूत करें।
महिलाओं को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने माताओं और बहनों को सुरक्षा और सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नारी वंदन अधिनियम को समय आने पर जल्द पूरा किया जाएगा।
युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि राजस्थान अब बिजली संकट से निकलकर सोलर और विंड एनर्जी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए काम कर रही है। “मेरा युवा साथी जॉब सीकर नहीं, जॉब गिवर बनेगा।”
नितिन नवीन ने कहा कि आज देशभर के 600 से अधिक जिलों में भाजपा के अपने कार्यालय हैं, जो संगठन और विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से जल्द कमल खिलने जा रहा है।
उनके संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
टोंक में भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल का सचिन पायलट पर तीखा हमला, बोले- ‘आज एक बहरूपिया विधायक बन गया’
टोंक। राधामोहन दास अग्रवाल ने टोंक में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस नेता सचिन पायलट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय टोंक में भाजपा के विधायक हुआ करते थे, लेकिन आज यहां “बहरूपिया” विधायक बन गया है।
राधामोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा, “टोंक में हमारे ही विधायक हुआ करते थे। आज एक बहरूपिया टोंक का विधायक बन गया। वो न तो आपके टोंक का निवासी है और न ही राजस्थान का।”
उन्होंने कहा कि वे स्वयं उत्तर प्रदेश के मजबूत नेता हैं और कभी सपने में भी नहीं सोच सकते कि किसी दूसरे प्रदेश में जाकर विधायक बनें। उन्होंने कहा, “मैं सपने में नहीं सोचूंगा कि मैं राजस्थान का विधायक बनूं। मैं यूपी का भगोड़ा नहीं हूं, वहां का मजबूत राजनेता हूं।”
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कांग्रेस पर बाहरी नेताओं को थोपने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कैसी परंपरा बन गई है कि किसी प्रदेश से किसी व्यक्ति को भेज दिया जाता है और लोग उसे माला पहनाकर स्वीकार कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने समूह बनाकर जनता को प्रभावित किया और उन्हें विधायक बनवा दिया।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “एक टांग कांग्रेस में रहती है और एक न जाने कहां।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रतिक्रिया दी और नारेबाजी की।
राधामोहन अग्रवाल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राजस्थान दौरे पर हैं और टोंक में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टोंक में भाजपा नेताओं के ये बयान आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस के मजबूत गढ़ में राजनीतिक माहौल बनाने की रणनीति का हिस्सा हैं।
टोंक में गरजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, बोले- भ्रष्टाचारियों से भरी है कांग्रेस; सेवा की राजनीति करें नेता
टोंक। मदन राठौड़ ने टोंक में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को भ्रष्टाचारियों से भरी पार्टी बताते हुए कई बड़े नेताओं के नाम लेकर हमला बोला।
मदन राठौड़ ने कहा, “कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचारियों से भरी पड़ी है।” उन्होंने सोनिया गांधी,राहुल गांधी,संजयसिंह,अरविंद केजरीवाल और रॉबर्ट वाड्रा का नाम लेते हुए कहा कि ये सभी जमानत पर हैं और जनता को इन्हें माफ नहीं करना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि देश में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनका धन्यवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब श्रीलंका ने डीजल और पेट्रोल मांगा तो भारत ने मदद की, और बांग्लादेश को भी सहायता दी गई। यह भारत का पड़ोसी धर्म निभाने का उदाहरण है।
राठौड़ ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने संसद के बाहर ईंटें रखकर गैस खत्म होने जैसी बातें कही थीं, जिससे लोगों में अफरा-तफरी फैल सकती थी। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से लोग डरकर जरूरत से ज्यादा सिलेंडर जमा करने लगते हैं।
उन्होंने कहा, “अगर घर का ही कोई व्यक्ति बाहर जाकर अपने घर की कमी गिनाए तो वह घर की इज्जत खराब करता है। उसी तरह देश के बारे में गलत बातें कहना ठीक नहीं है।”
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौर ने कार्यकर्ताओं और जनता को सेवा की राजनीति का संदेश देते हुए कहा कि नेताओं में इस बात का मुकाबला होना चाहिए कि कौन ज्यादा सेवा करता है। उन्होंने कहा, “मैं भी सेवा करूं और मेरा विरोधी भी सेवा करे। ज्यादा सेवा कौन करे, इसका कॉम्पिटिशन करो तो जनता का भला ही भला है।”
उन्होंने कहा कि चापलूसी और दिखावे से राजनीति नहीं चलती। जनता के हाथ में ताकत है कि जो काम करे उसे आशीर्वाद दे और जो काम न करे उसके “कान मरोड़े।”