Monday, 27 April 2026

राजस्थान विधानसभा को फिर बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही खाली कराया परिसर, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट


राजस्थान विधानसभा को फिर बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही खाली कराया परिसर, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। ईमेल के जरिए मिली इस चेतावनी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और पूरे विधानसभा परिसर को खाली कराकर सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में लिखा गया कि “दोपहर 12 बजे विधानसभा में 5 सिलिकॉन 100 बेस RDX बम फटने वाले हैं, यह कोई मज़ाक नहीं है, सभी VIPs को तुरंत बाहर निकालें।” ईमेल मिलते ही विधानसभा स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही राजस्थान पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS), एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), SDRF, दमकल विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा परिसर को खाली कराया गया और वहां मौजूद कर्मचारियों एवं अधिकारियों को बाहर निकाला गया।

यह तीसरी बार है जब राजस्थान विधानसभा को इस तरह की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। पुलिस और साइबर टीमें ईमेल के स्रोत का पता लगाने और मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई हैं।

मौके पर बम निरोधक दस्ता आधुनिक उपकरणों और डॉग स्क्वॉड की मदद से परिसर, पार्किंग, कक्षों और आसपास के इलाकों की तलाशी ले रहा है। वहीं दमकल विभाग की गाड़ियां भी एहतियातन मौके पर तैनात कर दी गई हैं।

गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी आज पहली बार राजस्थान दौरे पर हैं। ऐसे में उनके दौरे के दिन विधानसभा को दोबारा धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts