



जयपुर। नितिन नवीन के जयपुर आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, मंच व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पार्टी पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बनने के बाद पहली बार राजस्थान दौरे पर आ रहे नितिन नवीन के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता राजस्थानी परंपरा के अनुसार उनका भव्य स्वागत करेंगे।
कार्यक्रम के तहत सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा ‘ग्राम (GRAM) रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यह रथ प्रदेश की सभी विधानसभाओं में ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचेगा और किसान भाई-बहनों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा।
बताया जा रहा है कि यह रथ किसानों को कृषि, सिंचाई, पशुपालन, आधुनिक खेती, फसल बीमा और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का कार्य करेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ेगी और किसान योजनाओं का अधिक लाभ उठा सकेंगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह अभियान सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम को लेकर जयपुर सहित प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।