



अजमेर। अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर इमरान उर्फ मोगली ने रविवार सुबह बैरक में अपना सिर फोड़ लिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घायल गैंगस्टर को सुबह करीब 9 बजे हथियारबंद जवानों की कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल लाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद करीब 10 बजे उसे वापस जेल भेज दिया गया। गैंगस्टर इमरान उर्फ मोगली को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस लाइन, सिविल लाइन थाना और कोतवाली थाना पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया था।
जानकारी के अनुसार, इमरान उर्फ मोगली पहले जयपुर सेंट्रल जेल में बंद था। वहां से उसे श्रीगंगानगर जेल भेजा गया था और मार्च महीने में उसे श्रीगंगानगर से अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल शिफ्ट किया गया।
इमरान उर्फ मोगली के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों सहित 38 से अधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस इस बात की जांच कर रहे हैं कि उसने किस परिस्थिति में खुद को चोट पहुंचाई। घटना के बाद जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।