Sunday, 26 April 2026

ग्राम विकास अधिकारी गांव की रीढ़, अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं: भजनलाल शर्मा


ग्राम विकास अधिकारी गांव की रीढ़, अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं: भजनलाल शर्मा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भजनलाल शर्मा ने कहा कि सुशासन से ही राजस्थान समृद्ध बनेगा और ग्राम विकास अधिकारी इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी गांव के विकास की रीढ़ हैं, जो जरूरतमंदों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ ग्रामीणों के सपनों को पूरा करने में अहम योगदान देते हैं।

मुख्यमंत्री शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार प्रशासन का मूल मंत्र ‘नागरिक देवो भव’ होना चाहिए और ग्राम विकास अधिकारी इसी भावना से दिन-रात आमजन की सेवा में जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में बड़ी संख्या में लाभार्थी विभिन्न जनकल्याणकारी एवं आधारभूत विकास योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं। सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाने के लिए शुरू किए गए मिशन कर्मयोगी के जरिए विकसित भारत और विकसित राजस्थान के सपने को साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पानी और बिजली की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। रामजल सेतु लिंक परियोजना जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य प्रगति पर है, वहीं ऊर्जा उत्पादन बढ़ाकर किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राइजिंग राजस्थान के माध्यम से प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिला है और युवाओं के लिए रोजगार व सरकारी नौकरी के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्ट्रीट वेंडर्स आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्वामित्व योजना, वीबी जी राम जी सहित अनेक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। साथ ही सरकार डेयरी और पशुपालन को बढ़ावा देने तथा राजीविका के जरिए महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दे रही है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक बनाने के लिए आगामी 23 से 25 मई तक जयपुर में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM-2026) का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों से इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकार ने मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान शुरू किया है, जिसके तहत हर गांव और वार्ड के सर्वांगीण विकास का खाका तैयार किया जाएगा। उन्होंने सभी से राजस्थान को नंबर वन स्टेट बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम विकास अधिकारी कैडर के हित में लिए गए निर्णयों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पदोन्नतियों में आ रही बाधाओं को दूर किया गया है और वरिष्ठ ग्राम विकास अधिकारी पद का सृजन किया गया है। साथ ही पदोन्नति के लिए अनुभव में दो वर्ष की छूट और ग्रेच्यूटी सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 में पदोन्नति और वेतनमान से जुड़े विषयों के अध्ययन के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है, जो भविष्य में आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों पर भी विचार करेगी।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी एक-दूसरे से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने अपने सरपंच कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वह स्वयं जानते हैं कि वीडीओ गांव के विकास की रीढ़ होते हैं। इस अवसर पर राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के महावीर शर्मा, प्रहलाद जाट सहित विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts