



जयपुर। भजनलाल शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे तथा सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सामूहिक रूप से सुना।
मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर मदन राठौड़, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के विचारों और संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना।
प्रधानमंत्री मोदी अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक, नवाचार, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरक कहानियां भी साझा की जाती हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला मंच है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की।

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में राजस्थान की पवन ऊर्जा ताकत को सराहा, बोले- युवाओं के लिए खुल रहे रोजगार के नए द्वार जयपुर। नरेंद्र मोदी ने रविवार, 26 अप्रैल को प्रसारित अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में राजस्थान की रेत और हवाओं से पैदा हो रही ‘अदृश्य शक्ति’ की खुलकर सराहना की। प्रधानमंत्री ने राजस्थान को देश के अग्रणी पवन ऊर्जा उत्पादक राज्यों में शामिल बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार और नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत प्राचीन ग्रंथों के श्लोक ‘वायुर्वा इति व्यष्टि:, वायुरवै समष्टि:’ से की। उन्होंने कहा कि भारत आज पवन ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 56 गीगावाट के आंकड़े को पार कर चुका है और दुनिया में चौथी सबसे बड़ी पवन ऊर्जा शक्ति बन गया है। प्रधानमंत्री ने राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु और महाराष्ट्र का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि ये राज्य इस क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान और गुजरात के वे इलाके, जहां कभी केवल रेगिस्तान और वीराना नजर आता था, आज वहां विशाल Renewable Energy Parks खड़े हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभ युवाओं को मिल रहा है। नई स्किल्स विकसित हो रही हैं और रोजगार के ऐसे नए रास्ते खुल रहे हैं, जिनकी पहले कल्पना करना भी मुश्किल था। उन्होंने यह भी कहा कि सौर और पवन ऊर्जा केवल पर्यावरण संरक्षण का विषय नहीं, बल्कि देश के सुरक्षित भविष्य का आधार है। प्रधानमंत्री के इस संबोधन के बाद भजनलाल शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए इसे राजस्थान के भविष्य के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि राजस्थान आज नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने तथा युवाओं को इस क्षेत्र में बड़े अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। राजस्थान में तेजी से विकसित हो रहे सोलर और विंड एनर्जी प्रोजेक्ट्स राज्य को ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं और आने वाले समय में यह सेक्टर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार का बड़ा आधार बन सकता है।