Saturday, 25 April 2026

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भाजपा पर हमला, बोले- हॉर्स ट्रेडिंग से सरकारें गिराईं, राजस्थान में भी कोई कसर नहीं छोड़ी


पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भाजपा पर हमला, बोले- हॉर्स ट्रेडिंग से सरकारें गिराईं, राजस्थान में भी कोई कसर नहीं छोड़ी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने हॉर्स ट्रेडिंग के जरिए कई राज्यों में सरकारें गिराईं और राजस्थान में भी ऐसा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शुक्रवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बार-बार कांग्रेस पर बयानबाजी कर रहे हैं।

 पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि भाजपा नेता चाहते हैं कि वह सचिन पायलट का नाम लें और यह कहें कि “ये लोग मानेसर गए थे”, ताकि कांग्रेस में फिर से लड़ाई शुरू हो जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की यही मंशा है, लेकिन कांग्रेस एकजुट है। गहलोत ने कहा, “मैं इन्हें दोष देता हूं। आपने हॉर्स ट्रेडिंग कितने लोगों के साथ की, क्या राजस्थान वालों को छोड़ा?”

उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रयासों के कारण ही कांग्रेस विधायकों को 34 दिन होटल में रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा नेताओं के कुकृत्यों की वजह से हुआ। गहलोत ने कहा कि जनता सब समझ रही है। उन्होंने माना कि कांग्रेस चुनाव में सफल नहीं हो पाई, लेकिन आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव के दौरान खूब झूठ बोला।

 पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सहित देश के कई राज्यों में जो घटनाएं हो रही हैं, उन्हें पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि यदि नई पीढ़ी ने समय रहते देश की स्थिति को नहीं समझा तो सभी को इसके परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

राघव चड्ढा के भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर गहलोत ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है और देश में लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हो रही हैं। गहलोत ने कहा कि भाजपा ने पहले भी राघव चड्ढा को परेशान किया था।

उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के यहां छापे पड़े। इसके अलावा अन्य सांसदों के नाम कथित शराब घोटाले में डाले गए। गहलोत ने आरोप लगाया कि सभी जांच एजेंसियां भाजपा के नियंत्रण में हैं और पूरे देश के सामने यह सब हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि मोदी और अमित शाह को भ्रम है कि उनकी राजनीति हमेशा चलेगी, लेकिन अब यह भ्रम टूटेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हिंदुत्व के नाम पर राजनीति करती है और समाज को भड़काने के अलावा कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने भाजपा की कार्यशैली को ‘वॉशिंग मशीन’ बताते हुए कहा कि जो नेता भाजपा में शामिल हो जाता है, उसके खिलाफ सारे मामले खत्म हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों को तोड़कर भाजपा ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में सरकारें गिराईं और राजस्थान में भी पूरी कोशिश की।

Previous
Next

Related Posts