



जयपुर के सिंधी कैंप मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। एस्केलेटर पर चढ़ते समय गोद में बच्चा लिए एक महिला अचानक संतुलन बिगड़ने से गिरते-गिरते बच गई। महिला की गोद में मौजूद बच्चा भी फिसलकर नीचे गिरने वाला था, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी की सतर्कता से दोनों सुरक्षित बच गए।
पुलिस के अनुसार, महिला सिंधी कैंप मेट्रो स्टेशन पर एस्केलेटर से ऊपर जा रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह घबरा गई। महिला खुद गिरने लगी और गोद में मौजूद बच्चा भी हाथ से छूटकर नीचे गिरने की स्थिति में पहुंच गया।
मौके पर तैनात एएसआई दुर्गा प्रसाद ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दौड़ लगाई और एस्केलेटर पर गिर रही महिला और बच्चे को संभाल लिया। उनकी सूझबूझ और तेजी से की गई कार्रवाई के चलते दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एएसआई दुर्गा प्रसाद महिला और बच्चे को संभालते नजर आ रहे हैं। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से उनकी प्रशंसा की गई है।
समय रहते स्थिति पर काबू पाने के कारण महिला और बच्चा पूरी तरह सुरक्षित हैं। एएसआई दुर्गा प्रसाद की इस सतर्कता की सोशल मीडिया पर भी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।