



जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम में 25 अप्रैल को होने वाले राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले के टिकट को लेकर गुरुवार को भारी हंगामा हो गया। स्टेडियम के बाहर टिकट खरीदने वालों की लंबी लाइन लगी रही, लेकिन टिकट नहीं मिलने से नाराज युवाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गुस्साए युवाओं ने स्टेडियम गेट पर लगे राजस्थान रॉयल्स के बैनर फाड़ दिए और वहां रखी लोहे की बैंच उठाकर पटक दी। प्रदर्शनकारियों ने टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग का आरोप लगाते हुए वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि आम दर्शकों को टिकट नहीं मिल रहे, जबकि दलालों के पास आसानी से टिकट उपलब्ध हैं।
हंगामे की सूचना मिलते ही डीसीपी (साउथ) ललित किशोर शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले समझाइश की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों के नहीं मानने पर हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टिकट खरीदने आए लोगों में भी व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। कई लोगों का कहना था कि अगर टिकट पहले ही खत्म हो चुके थे तो स्टेडियम के बाहर इतनी लंबी लाइन लगवाने का क्या मतलब था।
टिकट लेने पहुंची शकुंतला नाम की महिला ने बताया कि उनके बच्चे पिछले दो दिनों से टिकट लेने की कोशिश कर रहे थे और आज वह खुद लाइन में लगीं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी टिकट नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टिकट काफी महंगे हैं, इसलिए वे ऑफलाइन टिकट खरीदने आई थीं।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में टिकट को लेकर हंगामा। युवाओं ने कालाबाजारी के आरोप लगाए। महिला कह रही है, या तो क्रिकेट को बंद कर दो। क्या गरीब लोग क्रिकेट नहीं देख पाएंगे? ऑनलाइन पैसे देकर टिकट ले लेते हैं, लोग। #ipl20206 pic.twitter.com/CUUrnS9Brc
— Vishwas Sharma (@VishwasSharma_) April 24, 2026