Saturday, 25 April 2026

27 अप्रैल को राजस्थान दौरे पर आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 7 जिला कार्यालयों का करेंगे उद्घाटन


27 अप्रैल को राजस्थान दौरे पर आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 7 जिला कार्यालयों का करेंगे उद्घाटन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल, सोमवार को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला राजस्थान दौरा होगा। इस दौरान वे प्रदेश के 7 नए जिला भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे और जालोर भाजपा कार्यालय का शिलान्यास भी करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मदन राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन सबसे पहले टोंक जाएंगे, जहां वे टोंक भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अन्य जिला कार्यालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेशभर के सभी भाजपा कार्यालयों में किया जाएगा ताकि कार्यकर्ता और आमजन कार्यक्रम से जुड़ सकें।

उन्होंने बताया कि नितिन नवीन जयपुर पहुंचने के बाद सीधे टोंक जाएंगे और वहां भाजपा कार्यालय उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे वापस जयपुर आएंगे और जयपुर एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी शामिल होंगे। इसके अलावा वे भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे और संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा चुनावी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट की साथ में आई तस्वीर पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि फोटो खिंचवाकर एकजुटता दिखाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि इससे उनके आपसी मतभेद और ज्यादा उजागर होते हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां ऐसी हैं कि कांग्रेस नेताओं को सार्वजनिक रूप से एकजुटता दिखानी पड़ रही है।

राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एसटी, एससी और ओबीसी वर्गों को लेकर दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि गहलोत कह रहे हैं कि राहुल गांधी पहली बार इन वर्गों के बारे में बात कर रहे हैं, तो यह स्वयं में चौंकाने वाला बयान है और इससे स्पष्ट होता है कि पहले इन वर्गों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

वहीं पचपदरा रिफाइनरी में हुई घटना पर विपक्ष की राजनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। घटना की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्य सामने आ जाएंगे। उन्होंने विपक्ष से संयम बरतने की अपील की।

Previous
Next

Related Posts