Wednesday, 22 April 2026

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से फर्जी लेटर और AI वीडियो वायरल करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार,जयपुर लाकर पूछताछ शुरू


पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से फर्जी लेटर और AI वीडियो वायरल करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार,जयपुर लाकर पूछताछ शुरू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से फर्जी लेटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में जयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से पकड़कर जयपुर लाया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी साउथ राजश्री राज ने बताया कि ज्योति नगर थाना पुलिस ने निखिल, बिलाल खान और इनाम अहमद को भोपाल से गिरफ्तार किया है। वहीं अमृता धुमाल को मोहाली से पकड़ा गया। चारों आरोपियों को बुधवार को जयपुर लाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को संबोधित एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। इस पत्र में कथित रूप से राजनीतिक संदेश और भ्रामक जानकारी दी गई थी। इसके बाद इसी फर्जी लेटर को AI तकनीक की मदद से वीडियो के रूप में तैयार कर और अधिक लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की गई।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर इस पूरे मामले में विशेष कार्रवाई की गई। साइबर टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस कस्टडी (PC) की मांग करेगी, ताकि उनसे गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जी कंटेंट को तैयार करने और वायरल करने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी संगठित साइबर गिरोह या राजनीतिक एजेंडे से संबंध है या नहीं। मामले के खुलासे के बाद राजस्थान की राजनीति और सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है।

Previous
Next

Related Posts