Wednesday, 22 April 2026

जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल के OT में घुसे बदमाश, नर्सिंगकर्मियों से मारपीट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल के OT में घुसे बदमाश, नर्सिंगकर्मियों से मारपीट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर स्थित महात्मा गांधी अस्पताल के इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर (OT) में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आपसी रंजिश और नौकरी से हटाए जाने से नाराज एक स्वीपर अपने 3-4 साथियों के साथ अंदर घुस गया और ड्यूटी पर तैनात नर्सिंगकर्मियों से मारपीट कर दी। घटना के समय डॉक्टरों की टीम एक मरीज की सर्जरी कर रही थी। इस घटनाक्रम ने अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, चांदपोल निवासी मोंटू पुत्र उमरचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह महात्मा गांधी अस्पताल में संविदा पर स्वीपर के पद पर कार्यरत है। 20 अप्रैल की रात वह इमरजेंसी ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर में ड्यूटी कर रहा था। उसी दौरान आरोपी सन्नी अपने 3-4 साथियों के साथ सीधे ऑपरेशन थिएटर में घुस आया और वहां मौजूद नर्सिंगकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी ने मोंटू को जान से मारने की धमकी भी दी।

जानकारी के अनुसार आरोपी सन्नी भी अस्पताल में ठेके पर स्वीपर के रूप में कार्यरत था। ड्यूटी से जुड़ी शिकायतों के चलते ठेकेदार ने उसे हटाकर उसकी जगह मोंटू को नियुक्त कर दिया था। इसी बात को लेकर सन्नी नाराज चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। घटना वाली रात भी ऑपरेशन थिएटर के बाहर दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मामला और बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ सीधे ऑपरेशन थिएटर में घुस गया और मोंटू के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे नर्सिंगकर्मियों को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान सर्जरी कर रहे चिकित्सक भी अचानक हुई इस घटना से स्तब्ध रह गए। अस्पताल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी गई, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस घटना के बाद नर्सिंगकर्मियों में भारी आक्रोश है। नर्सिंग एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश जाट सहित अन्य नर्सिंगकर्मियों ने अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना बेहद गंभीर है और इससे मरीजों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।

सरदारपुरा थाना प्रभारी जयकिशन ने बताया कि स्वीपर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच एएसआई रमेश विश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा में जुट गया है।

Previous
Next

Related Posts