Wednesday, 22 April 2026

श्रीगंगानगर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का औचक निरीक्षण: प्रिंसिपल गायब, बच्चों का कमजोर स्तर देख जताई नाराजगी


श्रीगंगानगर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का औचक निरीक्षण: प्रिंसिपल गायब, बच्चों का कमजोर स्तर देख जताई नाराजगी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

श्रीगंगानगर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने अपने दो दिवसीय श्रीगंगानगर दौरे के दौरान बुधवार को 3 एचएच स्थित राजकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद मंत्री ने अधिकारियों और शिक्षकों को जमकर फटकार लगाई।

कक्षा 1 से 8वीं तक संचालित इस विद्यालय में मंत्री के पहुंचने पर प्रिंसिपल गिरजा शंकर अनुपस्थित मिले। जांच में सामने आया कि वे बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर थे। इतना ही नहीं, दो अन्य शिक्षक भी बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए गए। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। बताया गया कि प्रिंसिपल गिरजा शंकर पिछले 9 वर्षों से इसी स्कूल में पदस्थापित हैं।

विद्यालय में कुल 32 छात्रों का नामांकन होने और 6 शिक्षकों की तैनाती पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सवाल उठाए। उन्होंने उपस्थित स्टाफ से गांव की आबादी पूछी, जिस पर बताया गया कि 3 एचएच गांव में करीब 700 लोग रहते हैं। इस पर मंत्री ने पूछा कि इतनी आबादी वाले गांव में स्कूल में केवल 32 बच्चे ही क्यों हैं। जब उन्हें बताया गया कि 32 बच्चों पर 6 शिक्षक कार्यरत हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसे में परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत होना चाहिए।

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने 8 वीं कक्षा के बोर्ड परिणाम की जानकारी ली तो पता चला कि 8वीं में केवल 5 बच्चों का नामांकन है। इसके बाद उन्होंने स्वयं बच्चों का शैक्षणिक स्तर जांचा।शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने एक छात्र से पूछा कि 49 में 2 जोड़ने पर कितना होगा, तो छात्र ने 60 जवाब दिया। इस पर मंत्री ने शिक्षक को फटकार लगाते हुए कहा कि जब 8वीं के बच्चे को साधारण जोड़ तक नहीं आता तो पढ़ाई कैसे हो रही है।

उन्होंने 7 वीं कक्षा का भी निरीक्षण किया, जहां केवल 3 बच्चे उपस्थित मिले। बच्चों के कमजोर शैक्षणिक स्तर को देखकर मंत्री असंतुष्ट नजर आए। उन्होंने मौके पर मौजूद सीडीईओ हरविंदर सिंह से पूछा कि क्या वे कभी स्कूल का निरीक्षण करने आते हैं या नहीं। इस पर सीडीईओ ने प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि यदि 32 बच्चों पर 6 शिक्षक हैं, फिर भी परिणाम खराब है तो स्पष्ट है कि शिक्षक पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे रहे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके दौरे की सूचना प्रशासन और अधिकारियों को पहले से थी, इसके बावजूद विद्यालय के प्रिंसिपल का बिना अनुमति अनुपस्थित मिलना गंभीर मामला है।

    Previous
    Next

    Related Posts