



कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गेके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भाजपा ने इस मामले को गंभीर बताते हुए चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि खड़गे के बयान पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने दावा किया कि चुनाव आयोग ने भाजपा की शिकायत पर संज्ञान लिया है और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को “आतंकी” कहे जाने जैसी भाषा लोकतांत्रिक राजनीति में स्वीकार्य नहीं है। रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है और ऐसे में इस तरह की बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी।
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्षमल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका आशय प्रधानमंत्री मोदी को व्यक्तिगत रूप से आतंकवादी कहना नहीं था। खड़गे के मुताबिक, उनका कहना था कि प्रधानमंत्री लोगों और राजनीतिक दलों को “डराने” का काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका तात्पर्य यह था कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं और केंद्रीय एजेंसियों के जरिए विपक्ष पर दबाव बनाया जाता है।
इस बयान को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी माहौल में इस तरह के बयान राजनीतिक ध्रुवीकरण को और बढ़ा सकते हैं। अब सभी की नजरें चुनाव आयोग की संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।