



बाड़मेर। बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-25 पर बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बस को करीब 50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में बस में सवार 10 बच्चे घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बायतु के ‘सरस्वती विद्या मंदिर’ स्कूल की बस सुबह करीब 8 बजे विभिन्न गांवों से 50 से अधिक बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही बस बायतु पेट्रोल पंप के पास पहुंची, पीछे से आए अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे उसमें फंस गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से बस के पिचके हिस्से को काटकर अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत बायतु के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 5 गंभीर बच्चों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ बच्चों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और दांत टूटने की जानकारी सामने आई है। अन्य बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बाड़मेर एसपी चुनाराम जाट और बायतु थानाधिकारी मनोहर विश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश जारी है।यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हाईवे पर गति नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।