



राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 21 अप्रैल को पचपदरा स्थित HPCL राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड का दौरा कर रिफाइनरी परिसर में हाल ही में हुई आग की घटना का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सुरक्षा चूक और तकनीकी कारणों पर विस्तृत चर्चा की तथा पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में लगी आग पर तत्परता से काबू पाने वाले अग्निशमन कर्मियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों से भी मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी आपात स्थितियों में टीमों की त्वरित कार्रवाई से बड़े नुकसान को टाला जा सका, जो सराहनीय है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि HPCL अधिकारियों द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नुकसान सीमित क्षेत्र तक ही रहा है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार HPCL को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी, ताकि इस महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द से जल्द पुनः संचालित किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि पचपदरा रिफाइनरी प्रदेश के औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी सुरक्षा और संचालन को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।