



जयपुर। भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहनदास अग्रवाल ने महिला आरक्षण संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र रचकर महिला आरक्षण विधेयक को पारित होने से रोका। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को शीघ्र आरक्षण दिलाने का प्रयास कर रहे थे, तब विपक्ष ने बाधाएं उत्पन्न कीं और अब भी विभिन्न बहानों के जरिए इसका विरोध कर रहा है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय समाज में महिलाओं ने सदैव परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और राजनीतिक भागीदारी में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं का योगदान प्रेरणादायक रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लंबे समय तक उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा महिला आरक्षण को केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि एक सैद्धांतिक विषय मानती है और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना देश के विकास और परिपक्व लोकतंत्र की कल्पना संभव नहीं है। भाजपा इस दिशा में लगातार प्रयासरत है और महिला आरक्षण को व्यवहारिक रूप से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। विपक्ष के रुख की आलोचना करते हुए उन्होंने इसे महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया और कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और समय आने पर इसका जवाब देंगी।
डॉ. अग्रवाल ने विपक्षी गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए उसे “इंडी ठगबंधन” करार दिया और कहा कि ये दल वैचारिक आधार पर नहीं, बल्कि केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने के लिए एकजुट हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन दलों के बीच आपसी विरोधाभास और संघर्ष साफ दिखाई देता है, जिससे यह स्पष्ट है कि यह गठबंधन स्थायी नहीं है।
परिवारवाद के मुद्दे पर भी उन्होंने कांग्रेस समेत कई क्षेत्रीय दलों को घेरते हुए कहा कि इन पार्टियों में आंतरिक लोकतंत्र का अभाव है और ये परिवार आधारित राजनीति पर टिकी हुई हैं। इसके विपरीत भाजपा ने महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को महिला सशक्तिकरण की जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि भाजपा ने राजस्थान में प्रभावी महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाया है और भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेगा।