Saturday, 29 August 2026

पचपदरा रिफाइनरी अग्निकांड के बाद हाई-लेवल एक्शन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौके पर, सुरक्षा व तकनीकी जांच तेज


पचपदरा रिफाइनरी अग्निकांड के बाद हाई-लेवल एक्शन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौके पर, सुरक्षा व तकनीकी जांच तेज

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बालोतरा के पचपदरा स्थित HPCLराजस्थान रिफायनरी लिमिटेड में 20 अप्रैल को हुए भीषण अग्निकांड के बाद मंगलवार को पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर सक्रिय नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, कानून मंत्री जोगाराम पटेल और मुख्य सचिव वी श्रीनिवास दोपहर करीब 12:30 बजे रिफाइनरी परिसर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और परियोजना से जुड़ी कंपनियों के स्टाफ से विस्तृत जानकारी ली और इसके बाद एक उच्च स्तरीय बैठक कर सुरक्षा चूक तथा हादसे के कारणों पर चर्चा की।

इससे पहले नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (NIA) सहित राज्य की अन्य जांच एजेंसियां भी मौके पर पहुंच चुकी थीं और विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से रिफाइनरी के गेट नंबर 1 और 2 पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बाहरी लोगों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। प्रशासन का फोकस फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर है।

विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि अग्निकांड की जांच के लिए गठित कमेटी तकनीकी पहलुओं का गहन परीक्षण कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी खामियां सामने आएंगी, उन्हें दूर कर जल्द ही रिफाइनरी को दोबारा शुरू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है और इस पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।

करीब 79,459 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा 21 अप्रैल को किया जाना था। इस कार्यक्रम को लेकर पिछले एक सप्ताह से व्यापक तैयारियां चल रही थीं। घटनास्थल से लगभग 800 मीटर दूर बनाए गए सभा स्थल पर विशाल डोम, सैकड़ों पंखे और कूलर लगाए गए थे तथा करीब 2 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। हादसे के बाद इन तैयारियों को समेटा जा रहा है और डोम को हटाया जा रहा है।

गौरतलब है कि 20 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे हीट एक्सचेंजर सर्किट में हाइड्रोकार्बन लीकेज के कारण क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में आग लगी थी, जिसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच में जुटी हैं और विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Previous
Next

Related Posts