



नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनवाई स्थगित कर दी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 मई को होगी। यह मामला उस फैसले से जुड़ा है, जिसमें ट्रायल कोर्ट ने 16 दिसंबर 2025 को सोनिया गांधी, राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था।
इस फैसले को चुनौती देते हुए प्रवर्तन निदेशालय ने हाईकोर्ट का रुख किया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने 22 दिसंबर को सोनिया गांधीऔर राहुल गांधी समेत अन्य आरोपियों को नोटिस जारी किया था। मामले की सुनवाई जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच कर रही है।
ईडी के अनुसार, आरोप है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य आरोपियों ने साजिश के तहत एसोसिएट जनरल लिमिटेड (AJL) की लगभग 2000 करोड़ रुपए की संपत्तियों पर कब्जा किया। इसके लिए यंग इंडियन, नामक कंपनी का इस्तेमाल किया गया, जिसमें गांधी परिवार की करीब 76 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई है। यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें उच्च स्तर के नेताओं के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं के आरोप शामिल हैं। अब 25 मई को होने वाली अगली सुनवाई में यह देखा जाएगा कि हाईकोर्ट ट्रायल कोर्ट के फैसले पर क्या रुख अपनाता है और क्या ईडी की याचिका पर आगे की कार्यवाही का रास्ता खुलता है।