



राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले बड़ा हादसा हो गया। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) में आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धुएं के घने गुबार उठते ही कर्मचारियों ने तुरंत फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय किया और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। इस घटना के बाद मंगलवार को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकार्पण दौरा स्थगित कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे तक आग की लपटें उठती रहीं, जिसके बाद 10 से 12 दमकल वाहनों की मदद से स्थिति को काफी हद तक नियंत्रण में ले लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
एचपीसीएल राजस्थान रिफायनरी लिमिटेड की इस रिफाइनरी में पाइपलाइन के माध्यम से आने वाला कच्चा तेल सबसे पहले CDU यूनिट में पहुंचता है, जहां इसे प्रोसेस कर अलग-अलग उत्पादों के लिए आगे की यूनिट्स में भेजा जाता है। ऐसे में इस यूनिट में लगी आग को तकनीकी दृष्टि से संवेदनशील माना जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासन और तकनीकी टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और विस्तृत जांच की तैयारी की जा रही है। यह घटना उद्घाटन से ठीक पहले सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर रही है।