



जयपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से नारी सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर 20 अप्रैल को ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ आयोजित की जाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण बागड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पदयात्रा सोमवार सुबह 10 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय से शुरू होकर शहीद स्मारक तक जाएगी। पार्टी के अनुसार, यह आयोजन महिलाओं के स्वाभिमान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के समर्थन में जन-आवाज के रूप में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ प्रदेश कार्यालय पर बड़ी संख्या में एकत्रित महिलाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री प्रिया कुमारी, राज्यमंत्री मंजू बागमरऔर जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।
भाजपा के अनुसार, इस पदयात्रा में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक संगठनों की प्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सदस्याएं भाग लेंगी। पार्टी इसे महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एक संगठित जन-अभियान के रूप में प्रस्तुत कर रही है।
राजनीतिक दृष्टि से इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह महिलाओं से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखते हुए विपक्ष पर निशाना साधने के साथ-साथ महिला मतदाताओं तक पहुंच मजबूत करने का प्रयास भी है।