



जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पास नहीं होने के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अपनी ओछी राजनीति के चलते महिलाओं के सपनों पर पानी फेर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद की राजनीति करने वाली पार्टियों को यह भय था कि महिलाएं कहीं उनसे आगे न निकल जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधेयक के पारित नहीं होने के बाद विपक्ष द्वारा जश्न मनाना अत्यंत शर्मनाक है और यह महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है।
सीएम ने आगे कहा कि विपक्ष ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल नारे दिए गए, लेकिन जब वास्तविक अवसर आया तो उसी में बाधा डालने का काम किया गया। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि महिलाएं इस अपमान को भूलने वाली नहीं हैं और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी।
इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अल्का मूंदड़ा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ तथा प्रदेश महामंत्री डॉ. मूर्ति मीणा सहित कई महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं। इस दौरान महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को लेकर भाजपा का रुख स्पष्ट रूप से सामने आया।