



अजमेर। अजमेर-पुष्कर घाटी में में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब सवारियों से भरी एक बस पुष्कर घाटी में अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 31 यात्री सवार थे, जो पीसांगन क्षेत्र में मायरा भरने के लिए जा रहे थे। हादसा पुष्कर से लगभग 3 किलोमीटर पहले सांझीसर के पास दोपहर करीब 12 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और मुख्य सड़क से नीचे खाई में जा गिरी, जहां वह पेड़ों और झाड़ियों में फंस गई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहगीरों और स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए कपड़ों से अस्थायी रस्सी बनाकर घायलों को खाई से बाहर निकालना शुरू किया। सभी घायलों को पहले पुष्कर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारण पुष्कर घाटी मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी के अनुसार, बस अजमेर से पुष्कर की ओर जा रही थी, तभी सांझीसर के आगे यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस अचानक सड़क से उतरकर खाई में चली गई। हादसे में पूजा (28) पत्नी विजय सिंह गुर्जर और विमला देवी (50) पत्नी ओम प्रकाश गुर्जर, दोनों निवासी अजमेर, की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, सिविल डिफेंस और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाया। अजमेर कलेक्टर लोकबंधु और एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा और वाहन नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।