Saturday, 29 August 2026

जयपुर में कार गैराज पर हमला: 10-15 बदमाशों ने पिता-बेटों को पीटा, CCTV में कैद वारदात


जयपुर में कार गैराज पर हमला: 10-15 बदमाशों ने पिता-बेटों को पीटा, CCTV में कैद वारदात

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में एक कार गैराज पर 10-15 बदमाशों द्वारा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने गैराज मालिक और उसके दोनों बेटों पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार नया खेड़ा निवासी दीपक सैनी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। मालरोड स्थित उनकी “सैनी कार एसी” नामक दुकान पर सुबह करीब 10:15 बजे यह घटना हुई। दीपक अपने बेटों राहुल और मनीष के साथ गैराज पर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनकी दुकान के बाहर खड़ी गाड़ी से टकरा गई, जिससे वाहन का बंपर क्षतिग्रस्त हो गया।

कार सवार युवक ने उतरकर गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर कहासुनी हुई और वह युवक वहां से चला गया। लेकिन कुछ ही देर बाद वह अपने 10-15 साथियों के साथ वापस लौटा। सभी हमलावरों ने गैराज से कुछ दूरी पर अपनी गाड़ियां खड़ी कीं और पैदल आकर अचानक हमला बोल दिया।

हमलावरों ने दीपक सैनी और उनके दोनों बेटों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि “अभी बच गए हो, अगली बार जान से मार देंगे।” पूरी घटना गैराज में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

मामले की जांच कर रहे एएसआई देवीलाल के अनुसार, तीनों घायलों का मेडिकल कराया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Previous
Next

Related Posts