Wednesday, 29 April 2026

खैरथल के खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग: कैटल फीड फैक्ट्री धू-धू कर जली


खैरथल के खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग: कैटल फीड फैक्ट्री धू-धू कर जली

खैरथल जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई, जहां स्थित श्रीविजय इंडस्ट्री की कैटल फीड फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

दमकल विभाग के अनुसार रात करीब 12:15 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। मौके पर पहुंचने तक आग फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं और आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने में जुट गईं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका है।

    Previous
    Next

    Related Posts