Friday, 17 April 2026

जयपुर में ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’: एक दिन में शहरभर में सफाई का महाअभियान, रिकॉर्ड कचरा उठाने का लक्ष्य


जयपुर में ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’: एक दिन में शहरभर में सफाई का महाअभियान, रिकॉर्ड कचरा उठाने का लक्ष्य

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में नगर निगम अब तक का सबसे बड़ा सफाई अभियान शुरू करने जा रहा है। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की अगुवाई में 18 अप्रैल को ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत शहर के सभी 13 जोन और 150 वार्डों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक एक साथ व्यापक सफाई कार्य किया जाएगा।

इस अभियान की खास बात यह है कि निगम के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह फील्ड में रहकर काम करेंगे, जिससे सफाई व्यवस्था की जमीनी निगरानी भी सुनिश्चित होगी। आयुक्त ने बताया कि जयपुर में रोजाना 2000 से 3000 टन कचरा उठाया जाता है, लेकिन इस अभियान के दौरान यह आंकड़ा और अधिक बढ़ने की संभावना है। इसके लिए अतिरिक्त मैनपावर और संसाधनों की व्यवस्था की गई है।

इस महाअभियान में नगर निगम के साथ-साथ विभिन्न एनजीओ और संस्थान भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। अभियान के दौरान नियमित सफाई के साथ-साथ विशेष सफाई कार्य किए जाएंगे और शहर में मौजूद ओपन डिपो को खत्म करने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग शुरू किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में इसे कुछ क्षेत्रों में लागू किया जाएगा, जिसे सफल होने पर पूरे शहर में विस्तार दिया जाएगा।

अभियान को प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए स्वच्छता निरीक्षकों (CSI) की रैंकिंग तय की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी—प्रथम स्थान पर CSI को 21 हजार रुपए, उनकी टीम के SI को 11 हजार रुपए और जमादारों को 1100 रुपए दिए जाएंगे। द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वालों को क्रमशः 11 हजार और 5100 रुपए तक का पुरस्कार मिलेगा। यह प्रोत्साहन राशि CSR के तहत राजस्थान सोलर एसोसिएशन द्वारा दी जाएगी। इसके अलावा बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को ‘स्वच्छता हीरो’ और ‘स्टार ऑफ नगर निगम’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा और उनकी तस्वीरें एक महीने तक निगम मुख्यालय में प्रदर्शित की जाएंगी।

आयुक्त ओम कसेरा ने इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शहरवासियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम इस अभियान के जरिए एक दिन में सबसे अधिक कचरा उठाने का नया रिकॉर्ड बनाना चाहती है, जो जयपुर की सफाई व्यवस्था में एक ऐतिहासिक पहल साबित हो सकती है।

Previous
Next

Related Posts