



जयपुर में आरसीए के निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के प्रतिनिधियों के बीच हुई इस बैठक में स्टेडियम निर्माण को गति देने पर विस्तृत चर्चा की गई।
आरसीए एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव के अनुसार, चोँप स्थित निर्माणाधीन स्टेडियम को लेकर दोनों पक्षों ने सकारात्मक रुख अपनाया है। बैठक का आयोजन सवाई मान सिंह स्टेडियम स्थित आरसीए कार्यालय में किया गया, जिसमें कमेटी सदस्य आशीष तिवाड़ी और अरिष्ट सिंघवी उपस्थित रहे, जबकि सदस्य धनंजय सिंह खींवसर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की ओर से अनुपम निधि, मयंक सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान स्टेडियम निर्माण की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, आगामी चरण की रूपरेखा और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के बीच समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. मोहित जसवंत यादव ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए सहयोग का भरोसा दिया है। साथ ही एडहॉक कमेटी ने यह भी निर्णय लिया कि एक उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी, जो अब तक हुए निर्माण कार्य और व्यय की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर स्टेडियम के अगले चरण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इस बैठक को आरसीए स्टेडियम प्रोजेक्ट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से लंबित इस परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है।